NARAYANPUR NEWS : नारायणपुर : नारायणपुर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया के मार्गदर्शन में संचालित “माड़ मैत्री” अभियान के अंतर्गत दिनांक 01 जून 2026 को शहीद खोटलूराम कोर्राम पुलिस परफॉर्मेंस सेंटर, नारायणपुर में जिले में पहली बार पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 30 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी शक्ति, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

युवाओं को फिटनेस एवं खेल गतिविधियों से जोड़ने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में पावरलिफ्टिंग की प्रमुख स्पर्धाएं स्क्वाट, बेंचप्रेस एवं डेडलिफ्ट आयोजित की गईं। जिले में पहली बार आयोजित इस प्रतियोगिता को खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं दर्शकों से उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त हुआ। पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना रहा।

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग (60 किलोग्राम से कम) में भीम देहारी ने प्रथम, कन्हैया कुमेटी ने द्वितीय एवं धर्मेन्द्र सरकार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग (70 किलोग्राम से कम) में गोलू मंडल प्रथम, चंदन धर द्वितीय तथा विकास सलाम तृतीय स्थान पर रहे। पुरुष वर्ग (80 किलोग्राम से कम) में विनीत यादव ने प्रथम, भुवन जायसवाल ने द्वितीय एवं पीतांबर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला ओपन वर्ग में पल्लवी सिंह ने प्रथम, नेहा जैन ने द्वितीय तथा रितु नेताम ने तृतीय स्थान हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विनीत यादव ने कुल 521 किलोग्राम वजन उठाकर “पावर मैन” का खिताब अपने नाम किया। उनके इस प्रदर्शन ने उपस्थित खिलाड़ियों एवं दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया तथा वे प्रतियोगिता के प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहे।

नारायणपुर पुलिस द्वारा प्रतिभागियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर चिकित्सा सहायता, प्राथमिक उपचार, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया द्वारा विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में नारायणपुर पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें खेल, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों एवं फिटनेस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

माड़ मैत्री अभियान के माध्यम से नारायणपुर पुलिस लगातार खेल, शिक्षा, संस्कृति एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रही है। जिले में पहली बार आयोजित यह पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करने में सफल रही, बल्कि फिट, अनुशासित एवं सकारात्मक युवा शक्ति के निर्माण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।

“विग्रह से विश्वास” की भावना के साथ नारायणपुर पुलिस युवाओं को खेल, अनुशासन एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए एक स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर समाज के निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत है।




































