VENEZUELA NEWS. वेनेजुएला में आए लगातार दो शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचा दी है। राजधानी कराकास सहित कई इलाकों में इमारतें ढह गईं, सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और बड़ी संख्या में लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार यह देश में पिछले एक सदी के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में शामिल है। शुरुआती आकलन में 10 हजार से 1 लाख लोगों की मौत की आशंका जताई गई है। USGS के अनुसार पहला भूकंप 7.1-7.2 तीव्रता का था, जिसका केंद्र मोरोन क्षेत्र के पास था।

इसके महज 39-40 सेकेंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। दोनों झटकों ने उत्तरी वेनेजुएला को जोरदार तरीके से हिला दिया और झटके पड़ोसी देशों तक महसूस किए गए। कराकास के अल्तामिरा और चाकाओ क्षेत्रों में कई इमारतों के ढहने और गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आई हैं। सोशल मीडिया और स्थानीय रिपोर्टों में धूल के गुबार, टूटी इमारतें और सड़कों पर डरे हुए लोगों की तस्वीरें दिखाई दीं। बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहे हैं।

भूकंप के बाद कैरेबियाई क्षेत्र के कई तटीय इलाकों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की गई थी। इसमें प्यूर्तो रिको, अमेरिकी और ब्रिटिश वर्जिन द्वीप समूह समेत कई क्षेत्र शामिल थे। हालांकि बाद में स्थिति का आकलन करने के बाद चेतावनी वापस ले ली गई। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है। सरकार ने राहत और बचाव कार्य तेज करने के साथ अंतरराष्ट्रीय सहायता की संभावना पर भी विचार शुरू कर दिया है। राजधानी के मुख्य हवाई अड्डे को एहतियातन बंद कर दिया गया है और कई सार्वजनिक सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

USGS के प्रारंभिक जोखिम आकलन में बड़े पैमाने पर जनहानि और आर्थिक नुकसान की चेतावनी दी गई है। एजेंसी ने अनुमान जताया है कि मृतकों की संख्या हजारों में पहुंच सकती है, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी तक मौतों और घायलों के अंतिम आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं। वेनेजुएला कैरिबियन और दक्षिण अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेटों के मिलन क्षेत्र में स्थित है। विशेषज्ञों के अनुसार इन प्लेटों के बीच लगातार दबाव बनने से यहां समय-समय पर शक्तिशाली भूकंप आते रहते हैं। वैज्ञानिकों ने इस बार की घटना को “डबलट अर्थक्वेक” यानी बेहद कम अंतराल में आए दो बड़े भूकंपों की श्रेणी में रखा है।

इतिहास के बड़े भूकंप
वेनेजुएला ने इससे पहले 1812 में विनाशकारी भूकंप का सामना किया था, जिसमें करीब 30 हजार लोगों की जान गई थी। 1967 में कराकास में आए भूकंप ने भी भारी तबाही मचाई थी। मौजूदा भूकंप को विशेषज्ञ पिछले 100 वर्षों की सबसे गंभीर प्राकृतिक आपदाओं में से एक मान रहे हैं।






































