JALAUN NEWS : जालौन। उत्तरप्रदेश के जालौन जिले के एट थाना क्षेत्र के पिरौना से जागेश्वर धाम जाने वाले मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक युवक की मौत हो गई। मिट्टी से भरी ट्रॉली के पलटने से युवक उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पिरौना गांव निवासी धर्मेंद्र यादव उर्फ गोलू (27) पुत्र भारत यादव शनिवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर के लिए मिट्टी लेने गया था। मिट्टी भरकर वापस लौटते समय माइनर के पास सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में उसने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और मिट्टी से लदी ट्रॉली सड़क किनारे खेत में पलट गई।

हादसे में धर्मेंद्र ट्रॉली के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही राहगीरों और ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल उसे जिला मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक धर्मेंद्र अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी असमय मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की सूचना मिलने पर पिरौना चौकी प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ प्रतीत होता है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पिरौना-जागेश्वर धाम मार्ग पर सड़क किनारे उगी कंटीली झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन समय पर दिखाई नहीं देते। इसी वजह से इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे की झाड़ियों को हटाने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है।


































