RAJNANDGAON NEWS. राजनांदगांव जिले के मनगट्टा स्थित विसली वुड रिसॉर्ट में एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और युवती के साथ रिसॉर्ट में आए लोगों की तलाश की जा रही है।पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान भिलाई निवासी मुस्कान तिवारी (24) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मुस्कान कुछ परिचितों के साथ रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी। देर रात वह बाथरूम गई थी, जहां बाद में वह बेहोशी की हालत में मिली। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8 बजे रिसॉर्ट प्रबंधन को मामले की जानकारी हुई। इसके बाद युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले को संदिग्ध बनाने वाली सबसे बड़ी बात यह है कि युवती के साथ रिसॉर्ट में ठहरे अन्य लोग सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए। पुलिस अब उनकी पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रिसॉर्ट के कर्मचारियों समेत अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा। राजनांदगांव के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतका का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी।

फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके साथ आए लोग अचानक रिसॉर्ट छोड़कर क्यों चले गए, इन सवालों के जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मिल सकेंगे।






































