BILASPUR NEWS. शहर के 27 खोली चौक पर आधी रात तेज रफ्तार और नशे का कहर देखने को मिला। देर रात करीब 1 बजे एक बेकाबू स्कॉर्पियो (CG 10 CB 8777) के चालक ने शो-रूम के सामने खड़ी तीन गाड़ियों को जबरदस्त टक्कर मार दी। एक पल में तीन वाहनों का संतुलन बिगड़ गया और सड़क पर अफरातफरी मच गई। हादसे में बजाज पल्सर बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर कबाड़ में तब्दील हो गई।

सोनबंधा निवासी और तखतपुर थाना क्षेत्र के शो-रूम कर्मचारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे पिछले एक साल से 27 खोली चौक स्थित शो-रूम में कार्यरत हैं। 15 दिसंबर को रात करीब साढ़े 9 बजे उन्होंने अपनी इंडिका कार को शो-रूम के सामने सड़क किनारे पार्क किया था।

6 दिसंबर की रात 1 बजे के आसपास उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया है। वे तत्काल मौके पर पहुंचे और देखा कि उनकी इंडिका कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी। वहीं पास में खड़ी एक अल्टो कार भी तेज टक्कर के कारण उखड़कर दूसरी दिशा में जा लगी थी। सबसे ज्यादा नुकसान बजाज पल्सर बाइक को हुआ, जो जोरदार टक्कर के बाद पूरी तरह टूटकर कबाड़ बन गई।

आसपास मौजूद लोगों का कहना है कि स्कॉर्पियो चालक दुर्घटना के समय नशे में धुत था और गाड़ी को अनियंत्रित गति से दौड़ा रहा था। अचानक वाहन संतुलन बिगड़ने के बाद उसने खड़ी गाड़ियों को सीधा टक्कर मार दी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस वाहन चालक की मेडिकल जांच भी करवा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है कि रात में नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की जा रही।




































