BILASPUR NEWS. मस्तूरी के मल्हार चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिनैका में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान में घुसकर बड़ी चोरी को अंजाम दिया। घटना 18 नवंबर की बताई जा रही है, जब घर के मालिक धरम पुरेना (52) अपनी पत्नी के साथ बेटे का इलाज कराने बहतराई, बिलासपुर गए हुए थे।

परिवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकला था। शाम 5 से 6 बजे के बीच उन्हें पड़ोसियों से सूचना मिली कि उनके घर की अलमारी टूटी हुई है। तत्काल लौटकर आने पर उन्होंने पाया कि घर के कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे और अलमारी से कीमती गहने व नकदी गायब थे।

लाखों के गहने चोरी
अलमारी से यह सामान गायब मिला—1 जोड़ी लछा – लगभग 40 तोला, 1 जोड़ी पैरी – 30 तोला, 1 जोड़ी झुमका, ₹30,000 नकद पीड़ित ने बताया कि लछा उन्होंने अपने छोटे बेटे के विवाह के लिए सुरक्षित रखा था। अलमारी में रखे अन्य छोटे आभूषणों को चोरों ने नहीं छुआ, जबकि महंगे गहनों को विशेष रूप से निशाना बनाया गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर
वारदात की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी मल्हार अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि चोरों को घर के खाली होने की जानकारी थी और वारदात योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई है।

चोरों की तलाश जारी
पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। वहीं पीड़ित धरम पुरेना ने प्रशासन से चोरी हुए सामान की जल्द बरामदगी की मांग की है।




































