PATNA NEWS. बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले फेज के लिए मतदान चल रहा है। दोपहर तक 42.31% वोटिंग हुई है। 121 सीटों में 104 सीटों पर सीधा मुकाबला है, जबकि 17 सीटों पर त्रिकोणीय लड़ाई है। बिहार की 243 सीटों पर 2 फेज में चुनाव हो रहे हैं। इस बीच, मतदान के दौरान छिटपुट घटनाओं की भी जानकारी मिली है। राजद समर्थकों ने उपमुख्यमंत्री और लखीसराय निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा की कार को घेर लिया, चप्पल फेंकी और ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद हैं।

वहीं, इस मामले पर विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ये राजद के गुंडे हैं। NDA सत्ता में आ रही है। गुंडे मुझे गांव में जाने नहीं दे रहे हैं। विजय सिन्हा जीतने वाले हैं, उन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को भगा दिया और उसे वोट नहीं देने दिया। उनकी गुंडागर्दी देखिए। वहीं, सारण जिला के माझी विधानसभा क्षेत्र के जैतपुर गांव स्थित बूथ संख्या 41 42 43 44 पर मांझी विधानसभा क्षेत्र के मार्क्सवादीं कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्यशी एवं निवर्तमान विधायक डॉ. सत्येंद्र यादव के साथ कुछ लोगों ने मारपीट किया और उनकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया।

जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव, वोटिंग के दौरान क्षेत्र के अलग-अलग पोलिंग बूथों का दौरा करने गए। तेज प्रताप यादव ने कहा कि किसी की भी सरकार रहे, जो आम आदमी को रोजगार देगी, पलायन रोकेगी, बिहार में बदलाव लाएगी, हम उसके साथ रहेंगे। जनता मालिक है, जनता ही चीजें बनाती और बिगाड़ती है. विरासत लोहिया जी और कर्पूरी ठाकुर की है। विचारधारा सामाजिक न्याय, संपूर्ण परिवर्तन, संपूर्ण क्रांति की है।

वोटिंग के दौरान कई अजीब मामले भी देखने को मिले। छपरा विधानसभा के ब्रह्मपुर मोहल्ले के 150 लोगों का नाम वोटर लिस्ट से गायब है। इसे लेकर, लोगों में आक्रोश हैं। वोटर्स इसे साजिश बता रहे हैं। पहले फेज में 10 हॉट सीट में तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, अनंत सिंह समेत कई बड़े चेहरों की साख दांव पर है। सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर (मुंगेर जिला) और जमालपुर में सुरक्षा कारणों से मतदान का समय शाम 5 बजे तक सीमित कर दिया गया।

दूसरी ओर, बिहारशरीफ में मतदान के दौरान पुलिस ने 4 बीजेपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि ये लोग वार्ड 16 में बूथ संख्या 226 से 232 के पास पर्ची बांट रहे थे। वोटिंग प्रोसेस देखने के लिए 7 देशों से 16 डेलिगेट्स की टीम बिहार पहुंची है। इनमें इंडोनेशिया, कोलंबिया, फिलीपींस, फ्रांस, बेल्जियम, दक्षिण अफ्रीका और थाईलैंड के प्रतिनिधि आए हैं।




































