BALOD. करकाभाट स्थित शक्कर कारखाना में बुधवार शाम 4 बजे जब शक्कर का पहला दाना बना तो कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। चार दिन पहले कारखाना में इस सीजन की गन्ना पेराई शुरू हुई थी, विभिन्न प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद बुधवार शाम से शक्कर बनना शुरू हो गया। शक्कर कारखाना प्रबंधन ने इस बार 75,000 मेट्रिक टन गन्ना पिराई व 50,000 क्विंटल शक्कर उत्पादन का लक्ष्य रखा है। कारखाना में नियमित रूप से गन्ना पहुंचना भी शुरू हो गया है।
दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना करकाभाट में इस सीजन का गन्ना पिराई प्रारंभ हो गया है। 1 दिसंबर को विधिवत केन पूजा के बाद 10 दिसंबर से गन्ना की पेराई शुरू की गई और बुधवार शाम को शक्कर का उत्पादन भी शुरू हो गया। पेराई शुरू करने के बाद से शक्कर बनने की प्रक्रिया में लगभग चार दिन लगते हैं इस दौरान कोई व्यवधान न हो जाए कर्मचारी इसी चिंता में रहते हैं। यही वजह है कि बुधवार को जैसे ही शक्कर बनना शुरू हुआ पूरे कारखाना में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
इस सीजन की पेराई के लिए 1 दिसंबर के बाद से ही कारखाना में गन्ना पहुंचना शुरू हो गया था। प्रबंधन के अनुसार जब काफी मात्रा में गन्ना का स्टॉक हो गया तो उसके बाद 10 दिसंबर को पेराई शुरू की गई। इस सीजन में अब तक 24,580 क्विंटल गन्ना की खरीदी की गई है वहीं बुधवार शाम तक 21,560 क्विंटल गन्ना की पेराई भी हो चुकी है।
किसानों में भी छाई खुशी
जैसे ही शक्कर उत्पादन शुरू हुआ जिले के गन्ना किसानों में भी खुशी छा गई। गन्ना लेकर कारखाना पहुंचे किसानों ने बताया कि इस बार पिछले बार की तुलना में गन्ना की फसल अच्छी है। बीते दिनों की बारिश से कोई खास नुकसान नहीं हुआ है। ज्ञात हो कि इस बार 1278 किसान जिले में गन्ना की खेती कर रहे हैं, जबकि पिछले वर्ष 1148 किसानों ने गन्ने की खेती की थी। वही पिछले बार की लगभग 1100 हेक्टेयर की तुलना में इस बार 1324 हेक्टेयर में गन्ना की फसल ली गई है। कारखाना प्रबंधन को उम्मीद है कि लक्ष्य प्राप्ति में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी, क्योंकि गन्ना का अनवरत कारखाना पहुंचना शुरू हो गया है।
80 हजार क्विंटल शक्कर उत्पादन का लक्ष्य
शक्कर कारखाना प्रबंधन द्वारा मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष 80 हजार क्विंटल शक्कर उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पिछले वर्ष 63 हजार क्विंटल शक्कर का उत्पादन हुआ था। बीते साल गन्ना किसानों को 10.85 रिकवरी दर के आधार पर अतिरिक्त भुगतान मिला था। वही इस बार इस रिकवरी रेट को बढ़ाकर 11 करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना करकाभाट के प्रबंध संचालक आरपी राठिया ने बताया कि शक्कर कारखाना में नियमित रूप से गन्ना की पेराई और शक्कर का उत्पादन प्रारंभ हो गया है। गन्ना भी पर्याप्त मात्रा में किसानों से कारखाना में पहुंचना प्रारंभ हो गया है।