JANJGIR. जिले के बलौदा क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक हादसे में युवक की जान चली गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और चक्काजाम कर दिया गया। दरअसल, दीपका खदान में टैंकर चलाने वाला युवक अपनी बाइक से काम पर जा रहा था। तभी उसकी बाइक खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में उसकी मौत हो गई।

मामला बलौदा क्षेत्र के बुड़गहन गांव का है। हरदीबाजार में रहने वाला सत्येंद्र डहरिया दीपका खदान में टैंकर चालक था। वह बलौदा क्षेत्र के ग्राम बरगवां अपने ससुराल आया था। यहां से वह सीधे अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए सोमवार की सुबह बाइक से रवाना हुआ। अभी वह तेज रफ्तार से बुड़गहन गांव के पास पहुंचा था। जिस जगह पर ये घटना हुई वहां सड़क किनारे एक ट्रेलर खड़ा था।

अचानक उसकी बाइक उस खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि टकराते ही उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और उसका चेहरा सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा टकराया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही आसपास के लोगों को इस बात की जानकारी हुई वहां भीड़ जुट गई। उन्होंने मौके पर चक्काजाम कर दिया। उनका कहना था कि यहां संकरे रास्ते में ही कोयले की बड़ी— बड़ी गाड़ियों का परिवहन होता है। वहीं बिगड़ने पर या सामान्य रोकने पर भी बिना किसी संकेतक के कहीं पर भी खड़ी कर देते हैं। इसी के चलते इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं।

कुछ ही देर में मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। तब इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस लोगों को समझाइश देती रही। जब वे नहीं माने तो मौके पर बलौदा थाना प्रभारी गोपाल सतपथी और फिर डीएसपी चंद्रशेखर परमा भी मौके पर पहुंच गए। लेकिन, ग्रामीण व्यवस्था सुधारने और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। चार घंटे बाद तक उनका चक्काजाम समाप्त नहीं हुआ था और राहगीर परेशान होते रहे।






































