OTTAWA. रेगिस्तान का नाम सुनते ही दूर तक फैला बालू का ढेर नजर आने लगता होगा। राजस्थान में थार रेगिस्तान की तस्वीरें दिमाग में कौंधने लगती होंगी। गर्मी में झुलसा देने वाली गर्म हवाएं और दूर-दूर तक पानी का नामो निशान नहीं। मगर, यदि हम आपको बताएं कि एक ऐसा भी रेगिस्तान है, जहां बर्फ गिरती है और वह दुनिया का सबसे छोटा इलाका है, तो शायद आपको इस पर भरोसा ही नहीं होगा।
दुनिया के इस सबसे छोटे रेगिस्तान को कारक्रॉस डेजर्ट कहा जाता है। यह कनाडा के युकोन में है। आमतौर पर किसी रेगिस्तान को देखने पर दूर-दूर तक रेत ही रेत नजर आती है, लेकिन यह रेगिस्तान इन सबसे अलग बहुत छोटा है। यहां चलने में कोई थकान नहीं होती है और इसे पार करना बच्चों का खेल है। दरअसल, इसका क्षेत्रफल केवल एक वर्ग मील है।
यह रेगिस्तान एक रहस्य है
इस रेगिस्तान का नाम कारक्रॉस गांव के नाम से पड़ा है। यहां आज भी लोग रहते हैं, लेकिन यह रेगिस्तान एक पहेली की तरह बन गया है। यह काफी ऊंचाई पर स्थित है और यहां का तापमान अन्य रेगिस्तानों की तुलना में काफी कम रहता है। लिहाजा, यहां सर्दी का मौसम होता है और खूब बर्फ गिरती है।
इस नजारे को देखने के साथ ही एडवेंचर स्पोर्ट्स का लुत्फ उठाने के लिए देश-विदेश से भारी संख्या में यहां लोग पहुंचते हैं। हालांकि, आज तक कोई भी वैज्ञानिक इस पहेली को नहीं सुलझा पाया है कि इतना छोटा सा रेगिस्तान कैसे बना?
हालांकि, एक मत यह दिया जाता है कि कभी यहां एक सरोवर हुआ करता था, जिसके सूख जाने के बाद मरुस्थल बन गया। मगर, वैज्ञानिक भी सटीक कारण पता नहीं कर पाए हैं और बारे में लगातार शोध जारी है। कारण जो भी हो, यह जगह लोगों के घूमने के लिए बहुत अच्छी है।