BHILAI. भिलाई स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में टैथिस केमिकला प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में आज दोपहर अचानक आग लग गई। आग की लपटे इतनी भयानक थी कि काफी दूर तक जलता दिखाई दिया। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौके पर तत्काल तीन फायरब्रिगेड को रवाना किया गया। दमकल की तीन गाड़ियों के बूते बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। जिस वक्त कंपनी में हादसा हुआ उस दौरान वहां बड़ी संख्या में कर्मचारी काम कर रहे थे। आग पर शीघ्र काबू पा लिया गया अन्यथा हादसा बढ़ने की आशंका थी।
भिलाई-3 थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि घटना करीब एक बजे हुई, जब कंपनी में लोडिंग का काम चल रहा था और बड़ी संख्या में कर्मचारियों सहित श्रमिक काम कर रहे थे। उसी दौरान आग लगी और देखते ही देखते आग की लपटे ऊपर उठने लगी। इस दौरान वहां कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची जहां आग पर नियंत्रण पाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टैथिस फैक्ट्री कैमिकल व मैटल्स की कंपनी है। वहीं इस कंपनी के बगल में ही एक और (सार्थक मैटल) कंपनी स्थित है, जहां तक आग फैसने का डर था। हालांकि जल्दी ही आग पर काबू पा लिया गया और इसे नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल कंपनी को कितना नुकसान हुआ है यह आंकलन होने के बाद ही स्पष्ठ हो पाए। वहीं माले में पुलिस जांच कर रही है। गौरतलब है कि शहर के औद्योगिक क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं होती जा रही है। पखवाड़े भर पहले ही औद्योगिक क्षेत्र की एक तारकोल कंपनी में आग लग गई थी। इससे पहले भी आगजनी की कई घटनाएं होती रही है।