BHILAI. स्टील सिटी भिलाई अपनी कला, संस्कृति के लिए काफी फेमस है। वहीं आज भिलाई में 51 बटुकों का उपनयन संस्कार किया गया। यहां छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और झारखंड से 51 बटुक पहुंचे थे। जबकि पूरी रीति-रिवाज को पूरा करने देश के अलग-अलग कोने से 21 पंडित पहुंचे थे। इसके लिए पहले से तैयारियां की जाती है।ब्राह्मण मित्र मंडल की दुर्ग-भिलाई इकाई ने यह आयोजन पूरी तरह से नि:शुल्क करवाया। यह संस्कार कोहका स्थित मंगल वाटिका में संपन्न हुआ। ब्राह्मण मित्र मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि बीते छह साल से नि:शुल्क उपनयन संस्कार कराया जा रहा है। बीते कोरोना काल में दो साल संस्कार प्रभावित रहा। इसकी शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी। आयोजकों द्वारा पूरे रीति-रिवाज से बटुकों का उपनयन संस्कार कराया गया। वहीं संस्कार पूर्ण होने के बाद शोभायात्रा भी निकाली गई।
शोभायात्रा आयोजन स्थल कोहका स्थित मंगल भवन से आरंभ हुई और वैशालीनगर के गोल मार्केट तक गई और पावस मंगल भवन में संपन्न हुई। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन राम मिलन दुबे का बड़ा योगदान है। वहीं अन्य सदस्यों द्वारा भी बहुमूल्य योगदान दिया जाता है। जबकि संगठन की महिला इकाई मातृशक्ति की महिलाएं भी पूरे आयोजन के दौरान सक्रिय रहतीं है।