RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके में धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। शिकायत में 16 वर्षीय किशोर को धर्म परिवर्तन के लिए कथित तौर पर प्रलोभन देने और इनकार करने पर परिवार के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं।
छोटी बेटी के धर्म परिवर्तन के बाद बेटे पर दबाव का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, परिवार पर कथित तौर पर लगातार धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि परिवार की छोटी बेटी का पहले ही धर्म परिवर्तन कराया जा चुका है। अब 16 वर्षीय बेटे को भी ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रलोभन दिए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
धर्म परिवर्तन से इनकार पर मारपीट का आरोप
परिवार ने आरोप लगाया है कि ईसाई धर्म अपनाने से इनकार करने पर उसके सदस्यों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। शिकायत में मोबाइल फोन तोड़ने, घर में ताला लगाने और इलाज के लिए बाहर नहीं जाने देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
दो महिलाओं के खिलाफ FIR, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामले में विशाखा मसीह और दुलारी साहू के खिलाफ छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 2026 की धारा 16(1) के तहत अपराध दर्ज किया है।फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



































