JANJGIR-CHAMPA NEWS. मुलमुला थाना क्षेत्र के कोसा गांव में करीब दो महीने पहले हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शादीशुदा प्रेमिका से देर रात मिलने पहुंचे 25 वर्षीय युवक अमित भंडारी की उसके प्रेमिका के भाई ने फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को बाड़ी में छिपाया गया और पुलिस को गुमराह करने के लिए गुमशुदगी की रिपोर्ट तक दर्ज करा दी गई। मामले में पुलिस ने प्रेमिका और उसके दो भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

फोन पर बात के बाद आधी रात को मिलने पहुंचा था अमित
पुलिस के मुताबिक कोसा निवासी अमित भंडारी का संतोषी सिंह क्षत्रिय से प्रेम संबंध था। संतोषी शादीशुदा थी और अक्सर मायके आती थी। 27-28 अगस्त की दरमियानी रात दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद अमित रात करीब 2:30 बजे संतोषी से मिलने उसके घर के पीछे पहुंच गया। इसी दौरान संतोषी का भाई बजरंग सिंह काम से घर लौटा और दोनों को एक साथ देखकर भड़क गया।
भागने की कोशिश की, लेकिन फावड़े के वार से गई जान
विवाद बढ़ने पर अमित जान बचाने के लिए दीवार फांदकर भागने लगा। इसी दौरान बजरंग ने पास पड़े फावड़े से उसके सिर और छाती पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से अमित की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद संतोषी ने भाई के साथ मिलकर शव को घर के पीछे बाड़ी में झाड़ियों के नीचे छिपा दिया।

गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस को किया गुमराह
अगले दिन बड़े भाई पप्पू सिंह के लौटने पर उसे भी घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद तीनों ने परिजनों के साथ मिलकर अमित के लापता होने की कहानी बनाई और थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। बाद में मौका देखकर शव को बाड़ी से निकालकर गांव के बीच दूसरी जगह फेंक दिया गया।
ट्रैकर डॉग ‘विमला’ पहुंची आरोपियों के घर तक
29 जून को बाड़ी में शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज की। बिलासपुर से बुलाए गए ट्रैकर डॉग ‘विमला’ ने घटनास्थल से सुराग तलाशते हुए सीधे आरोपियों के घर के बाहर जाकर संकेत दिया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने घर की दीवार से मिले खून के धब्बों के नमूने लिए।

पुलिस ने 200 से अधिक टावर डंप, सीडीआर, जीपीएस लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और ब्रेन मैपिंग समेत तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। पूछताछ में पुलिस के सामने आरोपियों की कहानी खुलती चली गई और आखिरकार तीनों ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल फावड़ा और शव को ले जाने में प्रयुक्त लोहे की सीढ़ी भी बरामद कर ली है।

एसपी ने बताया प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह
जांजगीर-चांपा एसपी विजय कुमार पांडेय के अनुसार, संतोषी का शादी से पहले अमित के साथ प्रेम संबंध था। घटना की रात भाई ने दोनों को साथ देख लिया, जिसके बाद विवाद हुआ और गुस्से में बजरंग ने फावड़े से हमला कर अमित की हत्या कर दी। मामले में संतोषी और उसके दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




































