RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को सोमवार को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया। न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली। लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण से पहले मुख्य सचिव विकास शील ने राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट का वाचन किया। इसके बाद राज्यपाल ने न्यायमूर्ति महापात्र को राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट की प्रति सौंपी और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्य न्यायाधीश पद की जिम्मेदारी संभालने से पहले न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र ओडिशा हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। अब वे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की न्यायिक व्यवस्था का नेतृत्व करेंगे। न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश हैं। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी और अनुज शर्मा भी समारोह में शामिल हुए।

मुख्य न्यायाधीश महापात्र की धर्मपत्नी अनिता महापात्र समेत छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीशगण भी शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहे। समारोह में अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव गृह निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, महाधिवक्ता विवेक शर्मा और हाईकोर्ट बिलासपुर के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव समेत शासन के वरिष्ठ अधिकारी और हाईकोर्ट के अधिवक्ता मौजूद रहे।

जानिए कौन हैं जस्टिस महापात्र
जस्टिस कृष्ण राम महापात्र का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ था। उन्होंने बी.ए., एलएल.बी. (BA, LLB) की शैक्षणिक योग्यता प्राप्त की है। उन्होंने फरवरी 1988 में ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में एक वकील के रूप में अपना पंजीकरण कराया था। इसके बाद उन्होंने लगभग 26 वर्षों तक दीवानी, फौजदारी और संवैधानिक मामलों में व्यापक वकालत की। उनके लंबे विधिक अनुभव को देखते हुए, 17 अप्रैल 2015 को उन्हें ओडिशा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त कर पदोन्नत किया गया था।




































