RAJNANDGAON NEWS. करोड़ों की ठगी और आत्महत्या से जुड़े सनसनीखेज मामले में राजनांदगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तंत्र-मंत्र और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों को झांसा देने वाले मुख्य आरोपी मोहम्मद अजीज खान (57) को पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। इस ठगी के कारण मानसिक तनाव में आकर राजनांदगांव निवासी कोमल साहू ने पिछले साल आत्महत्या कर ली थी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब 17 अक्टूबर को कोमल साहू ने जहर सेवन कर लिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जांच में पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसने पूरे मामले की परतें खोल दीं। इसके बाद पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल डेटा की गहन जांच की, जिसमें ठगी के ठोस प्रमाण मिले।

‘पैसा दोगुना’ के लालच में 4 करोड़ की ठगी
जांच में सामने आया कि आरोपी ने ‘तंत्र-मंत्र’ और शेयर मार्केट के जरिए पैसा दोगुना करने का झांसा देकर कोमल साहू से करीब 4 करोड़ रुपए ऐंठ लिए। रकम डूबने और कर्ज के बढ़ते दबाव ने कोमल को इस कदर तोड़ दिया कि उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया।

इंदौर में दबिश, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 3 अप्रैल को इंदौर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मोह. अजीज खान, निवासी रॉयल टाउन कॉलोनी, महू (इंदौर) के रूप में हुई है।

इन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा: 318(4) – धोखाधड़ी, 108 – आत्महत्या के लिए उकसाना 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को 17 अप्रैल तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का सख्त संदेश
राजनांदगांव पुलिस ने साफ कहा है कि ठगी और अंधविश्वास फैलाने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। इस मामले में जुड़े अन्य आरोपियों की भी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।



































