BASTAR NEWS. बस्तर जिले के घोटिया थाना क्षेत्र के ढाबामारी के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया।

जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए पहले लोहंडीगुड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मेकाज) रेफर किया गया है।


ग्रामीणों के अनुसार, सिरिसगुड़ा गांव का एक परिवार अपने रिश्तेदारों और गांव के अन्य लोगों के साथ सोमवार को नारायणपुर जिले के ओरछा स्थित रेंगाबेड़ा गांव में शादी समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मंगलवार सुबह सभी लोग रामधर नामक व्यक्ति की पिकअप वाहन से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ढाबामारी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क पर पलट गई और यह बड़ा हादसा हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





































