RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अखिल भारतीय पंचायत परिषद द्वारा राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक 12 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक देशभर में चलने वाले अभियान की तैयारियों के मद्देनजर बुलाई गई थी। इस अभियान की शुरुआत नई दिल्ली से होकर विभिन्न राज्यों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और इसका समापन 24 अप्रैल को कबीरधाम में भव्य आयोजन के साथ होगा।

रायपुर स्थित विमला देवी चंद फाउंडेशन भवन में आयोजित इस बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों, ब्लॉकों और प्रखंडों से आए संयोजकों और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। पंचायत स्थापना दिवस (24 अप्रैल) के आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत रणनीति और कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में बस्तर, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभागों से लगभग 150 से 200 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और जनभागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर जानकारी दी गई कि कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा प्रदेश के मुख्यमंत्री, पंचायत मंत्री, विधायक और सांसदों की भी उपस्थिति संभावित है। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाल्मीकि प्रसाद सिंह द्वारा किए जाने की संभावना जताई गई है।

इसके साथ ही राष्ट्रीय पदाधिकारियों और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति से आयोजन का महत्व और बढ़ने की उम्मीद है। बैठक में विभिन्न जिलों और संभागों के पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। ग्राम पंचायत सरपंचों, जनपद और जिला पंचायत प्रतिनिधियों को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाएं, जनसंपर्क अभियान और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई।

इस दौरान पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर लोगों को जोड़ने का संकल्प लिया। बैठक में प्रदेश संरक्षक, सलाहकार, महासचिव, संगठन मंत्री सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश प्रभारी एवं संयोजक घनश्याम प्रसाद यादव के नेतृत्व में किया गया। बैठक का समापन छत्तीसगढ़ महतारी के राज्य गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

अखिल भारतीय पंचायत परिषद के जनरल सेक्रेटरी डॉ. रुद्र भानु ने विश्वास जताया है कि 24 अप्रैल 2026 को कबीरधाम में आयोजित पंचायत स्थापना दिवस कार्यक्रम ऐतिहासिक और प्रेरणादायक साबित होगा। यह आयोजन पंचायतों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संगठन ने देशभर के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों से इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

































