KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर में एक 19 वर्षीय युवक ने अपने ही पड़ोस में रहने वाले 7 साल के मासूम बच्चे के साथ कुकृत्य की कोशिश की और पोल खुलने के डर से पत्थर से सिर कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से मासूम के शव को पड़ोसी गांव के एक 12 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गणेशपुर निवासी किसान शिवकुमार खुर्सेंगा का 7 वर्षीय बेटा आयान 2 अप्रैल की दोपहर अपने दोस्तों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया था। नहाने के बाद उसके अन्य दोस्त तो घर लौट आए, लेकिन आयान वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसी बीच परिजनों को सूचना मिली कि आयान को आखिरी बार पड़ोस में रहने वाले रंजीत कुमार (19) के साथ देखा गया था।

ग्रामीणों की बैठक और पुलिस की सख्ती
3 अप्रैल तक बच्चे का सुराग न मिलने पर गांव में बैठक बुलाई गई। संदेह के आधार पर जब रंजीत से पूछताछ की गई, तो वह गोलमोल जवाब देने लगा, जिससे ग्रामीणों का शक गहरा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी नागेश तिवारी अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और रंजीत से कड़ाई से पूछताछ की। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

नशे की हालत में की वारदात
आरोपी रंजीत ने बताया कि घटना के वक्त वह नशे में था। तालाब पर आयान को अकेले देख उसकी नीयत खराब हो गई। वह उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां आरोपी ने मासूम के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की, जिसका बच्चे ने विरोध किया और चिल्लाने लगा। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने पास पड़े पत्थर से मासूम के सिर पर चार बार वार किया, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

कुएं से बरामद हुआ शव
हत्या के बाद आरोपी ने शव को उठाकर पड़ोसी गांव करतली के एक खेत में बने कुएं में फेंक दिया और वापस गांव आकर सामान्य व्यवहार करने लगा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुएं से मासूम का शव बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी रंजीत कुमार को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।





































