BILASPUR NEWS. तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के चक्कर में एक व्यक्ति द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जोंधरा में एक भिखारी ने मंगलवार रात अपने ही घर के पूजा कक्ष में चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 45 वर्षीय चंदन नट के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, चंदन नट रोज की तरह मंगलवार को भी मांगकर अपना गुजर-बसर करने निकला था। शाम करीब 6 बजे वह घर लौटा और अपने बड़े भाई के साथ बैठकर बीड़ी पीते हुए काफी देर तक चर्चा की। भाई के जाने के बाद वह चुपचाप घर के अंदर बने पूजा कमरे में चला गया।

शाम करीब 7 बजे जब उसकी बहू किसी काम से पूजा कमरे की तरफ गई, तो वहां का नजारा देख उसकी चीख निकल गई। चंदन खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। चीख सुनकर बेटा सुल्तान और अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम
सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर से डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई। पुलिस को मौके से वह चाकू भी बरामद हुआ है जिसे चंदन उसी रात खरीदकर लाया था।

अंधविश्वास या मानसिक स्थिति?
एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि चंदन अक्सर तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ में डूबा रहता था। प्रारंभिक जांच में यह तंत्र-मंत्र के चक्कर में उठाया गया कदम लग रहा है। बताया जा रहा है कि 4 महीने पहले भी उसने अपना हाथ काटकर खुदकुशी की कोशिश की थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



































