BILASPUR NEWS. शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित राजकिशोर नगर में रविवार को एक निजी मकान में चल रही प्रार्थना सभा को लेकर भारी हंगामा हुआ। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि यहाँ प्रार्थना की आड़ में हिंदुओं को प्रलोभन देकर उनका धर्मांतरण कराया जा रहा था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ईसाई समुदाय से जुड़े लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बजरंग दल के जिला संयोजक गौरव धनकर और उनके कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि रॉयल पैलेस के पीछे जेम्स सिंह नामक व्यक्ति के मकान में बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही है। कार्यकर्ताओं का दावा है कि वहां मौजूद लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए ब्रेनवॉश किया जा रहा था। आरोप है कि लोगों को उनकी बीमारियां ठीक करने का दावा कर और विभिन्न प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया जा रहा था।

रिहायशी इलाके में नियमों के उल्लंघन पर तकरार
हंगामे के दौरान ईसाई समुदाय के लोगों ने तर्क दिया कि क्या हिंदू घरों में होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों या भागवत कथा के लिए पुलिस से अनुमति ली जाती है? इस पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि हिंदू आयोजनों में दूसरे समुदाय के लोगों को बुलाकर उन्हें धर्मांतरित करने का प्रयास नहीं किया जाता, जबकि यहाँ विशेष रूप से हिंदुओं को ही बुलाया गया था। स्थानीय लोगों ने रिहायशी इलाके में इस तरह की सामूहिक गतिविधियों को नियमों का उल्लंघन बताया है।

पुलिस की कार्रवाई
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि बजरंग दल के पदाधिकारियों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि निजी आवास में बिना अनुमति के सामूहिक सभा आयोजित की गई थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या वहां वास्तव में जबरन या प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराया जा रहा था।




































