RAIPUR NEWS. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में 18 फरवरी 2026 को कुरुद से अभनपुर के बीच 22 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉडगेज लाइन का स्पीड ट्रायल स्पेशल ट्रेन के माध्यम से किया गया। यह निरीक्षण कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (रेल संरक्षा आयुक्त), दक्षिण पूर्व सर्कल, कोलकाता द्वारा संपन्न कराया गया।

स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रेन को 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाकर ट्रैक की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। स्पेशल ट्रेन कुरुद से शाम 4:22 बजे रवाना होकर 4:40 बजे अभनपुर पहुंची। इस तरह 22 किलोमीटर की दूरी लगभग 18 मिनट में पूरी की गई।


इस निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी दक्षिण पूर्व सर्कल/कोलकाता ब्रिजेश कुमार मिश्रा, अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू, मंडल रेल प्रबंधक रायपुर दयानंद सहित मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।



































