BILASPUR NEWS. बिलासपुर में देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार और शराब के नशे में नियंत्रण खो बैठी बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे बाइक सवार दो युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में गणेश नगर निवासी प्रिंस बंजारे (21) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अभय (22) गंभीर रूप से घायल है और सिम्स अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

मंगलवार की देर रात करीब 12 बजे प्रिंस अपने दोस्तों के साथ उसलापुर गया था। वहीं से एक दोस्त को छोड़ने के बाद प्रिंस और अभय दीनदयाल कॉलोनी की ओर वापस जा रहे थे। बताया गया कि दोनों ने शराब पी रखी थी। नशे और तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सिविल लाइन थाना क्षेत्र में डिवाइडर से जा भिड़ी।

तेज टक्कर में उछलकर दूर गिरे दोनों युवक
टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक चला रहे प्रिंस के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं पीछे बैठा अभय सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर और चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं।

112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
घटना होते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। उन्होंने तुरंत पुलिस डायल 112 को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को सिम्स अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। अभय को बेहोशी की हालत में भर्ती किया गया है और उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

जांच में नशे में ड्राइविंग की पुष्टि
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में बाइक चलाने की पुष्टि हुई है। बाइक के परखच्चे उड़ जाना और युवकों का दूर जा गिरना यह दर्शाता है कि बाइक काफी तेज रफ्तार में थी। पुलिस अब दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच कर रही है।




































