RAIPUR NEWS. नारायणपुर के अबूझमाड़-महाराष्ट्र सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शीर्ष नक्सली ढेर हो गए। मारे गए नक्सलियों में संगठन के सेंट्रल कमेटी मेंबर कट्टा रामचंद्र रेड्डी और कादरी सत्यनारायण रेड्डी शामिल हैं। दोनों नक्सली पर 40-40 लाख रुपए का इनाम घोषित था। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने AK-47 और अन्य ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई सुरक्षाबलों के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
इसे लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर ज़िले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों की ओर से चलाए गए सफल अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक निर्णायक उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 2 नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए हैं। दोनों पर 40-40 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता केवल नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक निर्णायक पड़ाव ही नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ में शांति, सुरक्षा और विकास की प्रक्रिया को और भी गति प्रदान करती है। मुख्यमंत्री ने इस अभियान में शामिल सुरक्षाकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी बहादुरी और समर्पण से ही प्रदेश आज शांति और विकास की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न और माननीय केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद का अंत अब पहले से कहीं अधिक निकट और निश्चित होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मार्च 2026 तक नक्सलमुक्त भारत का संकल्प अवश्य साकार होगा।
अमित शाह ने एक्स पर ट्वीट कर कही ये बात
वहीं अमित शाह ने एक्स पर ट्वीट कर कहा कि आज हमारे सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ एक और बड़ी जीत हासिल की है। महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में, हमारे सुरक्षा बलों ने दो केंद्रीय समिति सदस्य नक्सल नेताओं – कट्टा रामचंद्र रेड्डी और कादरी सत्यनारायण रेड्डी – का सफाया कर दिया। हमारे सुरक्षा बल नक्सलियों के शीर्ष नेतृत्व को व्यवस्थित रूप से ध्वस्त कर रहे हैं और लाल आतंक की रीढ़ तोड़ रहे हैं।