LORMI NEWS. लोरमी जिले में बीते अप्रैल में बच्ची के अपहरणकांड मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। यह हत्या तंत्र-मंत्र के लिए की गई थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 5 लोगों ने मिलकर मासूम की हत्या की थी। 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों में बच्ची का चचेरा भाई और भाभी समेत तीन अन्य युवक गिरफ्तार किए गए हैं।
आपको बता दें कि मुंगेली के इस बहुचर्चित हत्याकांड में दो संदिग्धों का पुलिस ने ब्रेन मैपिंग कराया था। साथ ही पॉलीग्राफी और नार्को टेस्ट भी कराया गया था। जिसके बाद आज पुलिस इस मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है। SP भोजराम पटेल ने इस बात की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि बीते 11—12 अप्रैल की मध्य रात कोसाबाड़ी गांव से बच्ची का अपहरण हुआ था। जिसके बाद 7 मई को बच्ची का कंकाल मिला था। कंकाल की जांच के बाद इस कंकाल को बच्ची का होना बताया गया था। उसके बाद से पुलिस संदिग्धों की तलाश में लगी हुई थी।
बता दें कि लोरमी थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी गांव में 7 साल की बच्ची का 11 अप्रैल शुक्रवार रात अपहरण हो गया था। वह अपनी मां के साथ घर के आंगन में सो रही थी, तभी किसी ने बच्ची का अपहरण कर लिया। बच्ची की मां पुष्पा गोस्वामी की रात 2 बजे नींद खुली तब बच्ची गायब थी। मां ने रात में ही परिजनों को बताया। सभी मिलकर आस पड़ोस और गांव में खोजे, लेकिन कहीं नहीं मिली।
कई दिनों के बाद भी पुलिस को आरोपी के संबंध में कोई सुराग हाथ नहीं लगी थी। जिसके बाद जांच के लिए बिलासपुर रेंज के आईजी डॉ. संजीव शुक्ला लोरमी पहुंचे। लोरमी थाना में वे पुलिस अफसरों की हाईलेवल मीटिंग लेकर निर्देश दिए। इस बैठक में बच्ची की खोजबीन के लिए नए सिरे से रणनीति बनाई गई थी।