RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने तेलंगाना और छत्तीसगढ़ सीमा पर चल रहे नक्सल ऑपरेशन का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “यह समय शांति की बात नहीं, बल्कि एक्शन का है। वार्ता तभी होगी जब नक्सली देश के संविधान को मानेंगे। जब नक्सली घिर जाएंगे और बड़े एक्शन होंगे, तो शांति की बात करना मायने नहीं रखता। शांति के लिए हथियार डालने होंगे।”
ये भी पढ़ेंःग्रामीणों ने ठप कराई SECL की खदान, कर्मचारियों और अधिकारियों को अंदर जाने से रोका
सिंहदेव ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से शांति वार्ता के मुद्दे पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, “तेलंगाना से ही नक्सलवाद बढ़ा है। हो सकता है कि वे अपने परिचित व्यक्तियों के पास गए हों, लेकिन शांति वार्ता के लिए यह जरूरी है कि नक्सलियों को पहले हथियार डालने चाहिए और सरेंडर करना चाहिए। तभी शांति की बात की जा सकती है।”
इसके अलावा, टीएस सिंहदेव ने हाल ही में पहलगाम हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इसे एक “कायराना कृत्य” करार दिया और कहा कि “कहीं न कहीं चूक हुई होगी, लेकिन अब हमें आगे बढ़ना है।” सिंहदेव ने इस हमले के दोषियों से जवाब की मांग करते हुए कहा कि, “ऐसे लोगों को जवाब मिलना चाहिए जिन्होंने यह हरकत की है।”
उन्होंने आतंकियों के नापाक इरादों को भी खारिज किया, साथ ही यह भी कहा कि “आतंकियों के इरादे कभी पूरे नहीं होंगे। पूरा देश आज एक साथ खड़ा है।” सिंहदेव ने इस मामले में सख्त कदम उठाने की बात की और कहा कि “इस मामले में बोलना कम और करना ज्यादा चाहिए।”
सिंहदेव के इस बयान ने नक्सलवाद और आतंकवाद से संबंधित मुद्दों पर कांग्रेस के पक्ष को स्पष्ट किया और देश में सुरक्षा एवं शांति की बहाली की आवश्यकता को रेखांकित किया।
पूर्व विधायक यूडी मिंज के बयान को किया अस्वीकार
वहीं, कांग्रेस के पूर्व विधायक यूडी मिंज द्वारा किए गए विवादित सोशल मीडिया पोस्ट पर सिंहदेव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “अगर उन्होंने ऐसा कहा है तो यह अस्वीकार है। हम न्यूक्लियर पावर वाले देश हैं। हमारा देश सक्षम है। अगर चीन ने साथ नहीं दिया तो भी अन्य देश हैं जो हमारे साथ खड़े होंगे।”