RAIPUR NEWS. महाकुंभ भारत के सबसे बड़े पवित्र धार्मिक आयोजनों में से एक है। यह आयोजन भारतीय संस्कृति, परम्परा और आस्था का अनूठा प्रतीक है। इसे विश्व का सबसे बड़ा सामूहिक स्नान पर्व माना जाता है। प्रयागराज में चल रहे महाकुम्भ में सम्मिलित होने के लिए छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित समस्त मंत्रिमंडल के सदस्यों, नेता प्रतिपक्ष एवं सभी विधायकों व लोकसभा व राज्यसभा सांसदों को आमंत्रित किया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने पत्र लिखकर सभी से 13 फरवरी को प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में शामिल होने का अनुरोध किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने पत्र में लिखा है कि गंगा, यमुना और सरस्वती के पवित्र त्रिवेणी संगम पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होकर सनातन लोकतांत्रिक परंपराओं का जीवंत अनुभव किया जा सकेगा।
उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी छत्तीसगढ़ विधानसभा के सभी सदस्यों को इस महाकुंभ में आमंत्रित किया है। दोनों राज्यों के विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से यह आयोजन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से और भी ऐतिहासिक होगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सभी सांसदों से अनुरोध किया है वो राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय और विधायकों को बेलतर विधायक सुशांत शुक्ला के पास अपनी सहमति फोन या पत्र के माध्यम से भेजने को कहा है।
ये भी पढ़ें: बागी बिगाड़ रहे चुनावी समीकरण, भाजपा ने 129 और कांग्रेस ने 75 बागियों को किया निष्कासित
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पत्र में लिखा कि महाकुंभ मेला धार्मिकता, आस्था, और संस्कृति का एक अनूठा संगम है। यह आयोजन भारत के विभिन्न कोनों से लाखों लोगों को जोड़ता है। छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता राज्य की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक एकता को और अधिक मजबूत करेगी।