DURG. दुर्ग जिले से दिल दहला देने वाला एक मामला सामने आया है। दुर्ग के गनियारी गांव में गुरुवार की सुबह एक घर में दादी और पोती की हत्या कर दी गई।
हत्या के आरोपी ने कुल्हाड़ी से मारकर दोनों की हत्या कर दी। मामले की जानकारी होती ही आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में लग गई। बताया जा रहा है कि, रात में केवल दोनों दादी और पोती ही घर पर सो रहे थे। यह मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है।
पुलगांव थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गनियारी गांव निवासी राजवती साहू (62) और उनकी पोती सविता साहू (17) की हत्या हुई है।
उनके परिवार के अन्य सदस्य भी पास में ही रहते है। मृतिका सविता 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। कल रात वह अपनी दादी के पास सोने गई थी सुबह जब वह अपने घर नहीं लौटी तब घरवाले उसे देखने दादी के घर पहुंचे।
घर पहुंचकर उन्होंने देखा कि दोनों का खून में सना हुआ शव जमीन पर पड़ा हुआ है। यह देख उन्होंने पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दी। मृतिका राजवती साहू के बेटे गांव में अलग–अलग घरों में रहते है। चारों बेटे खेती-किसानी करते है।
दुर्ग SP जितेंद्र शुक्ला सहित क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची। फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम की मदद से मामले को जांच की जा रही है। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।