LORMI. मोहला मानपुर जिले में भाजपा नेता बिरजू तारम की हत्या मामले में भले ही नक्सलियों ने पर्चा फेंककर जिम्मेदारी ले ली है। पर इस मामले में अभी भी सियासत जारी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव इस मामले पर अभी भी कांग्रेस सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। अरुण साव ने लोरमी में कहा कि जिस तरह से भाजपा नेताओं की टारगेट किलिंग की जा रही है, उसके लिए कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है। अरुण साव ने कहा कि बिरजू तारम ने अपनी जान पर खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग भी की थी लेकिन पुलिस प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पाने के लिए और डराने के लिए ये हत्या की गई है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के सीतागांव-औंधी रोड पर नक्सलियों ने पर्चा फेंककर भाजपा नेता बिरजू तारम की हत्या की जिम्मेदारी ले ली है। नक्सलियों ने यह चेतावनी भी दी है कि वोट मांगने वालों को बिरजू जैसी सजा मिलेगी। पर्चे में नक्सलियों ने यह भी लिखा है कि बिरजू तारम को मौत की सजा पहले ही दे दी गई थी। बीजेपी व आरएसएस को भगाओ देश बचाओ का नारा भी नक्सलियों ने पर्चे में लिखा है। नक्सली पर्चा मिलने के बाद पुलिस और सतर्क हो गई है। पुलिस ने सर्चिंग तेज कर दी है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। बीजेपी अध्यक्ष अरुण साव आज लोरमी पहुंचे हुए थे जहां उन्होंने यह बात कही है। अगर लोरमी विधानसभा सीट की करें तो यह सीट अब हाई प्रोफाइल सीट हो गई है। यहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव मैदान में है तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस से राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष थानेश्वर साहू चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष लगातार क्षेत्र में दौरा कर संपर्क साध रहे हैं। अरुण साव ने कहा की इस समय कांग्रेस में पार्टी छोड़ने की भगदड़ मची हुई है। कांग्रेस डरी और घबराई हुई है।