DHAMTARI. धमतरी जिले में एक तेंदुए की मौत हो गई है। इस मादा तेंदुए का शव आज तालाब के किनारे मिला है। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि तेंदुए के शव में जगह-जगह चोट के निशान हैं। हालांकि वन विभाग ने आशंका जताई है कि दो तेंदुए के बीच लड़ाई के बाद यह घटना हुई है। डीएफओ मयंक पांडेय व टीम मौके पर पहुंचे। शव को वन विभाग अपने कब्जे पर लेकर श्यामतराई डिपो लाया। यहां तीन डाक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया है। फिलहाल वन विभाग ने जांच से शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार धमतरी वन मंडल के नगरी रेंज में एक मादा तेंदुए का शव पाया गया है। ये शव दलदली गांव के कक्ष क्रमांक 295 में तालाब के किनारे मिला है। मृत तेंदुए की उम्र 3 से 4 साल बताई जा रही है। वन विभाग के मुताबिक शनिवार देर रात मृत तेंदुए का दूसरे तेंदुए से संघर्ष हुआ, जिसमें एक की मौत हो गई। ग्रामीणों को तेंदुए का शव आज तालाब के पास मिला है। मृत तेंदुआ पानी की तालश में तालाब के पास आया होगा, इस बीच दो तेंदुएं की लड़ाई में एक की मौत हो गई।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तीन डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद शव को नियम के अनुसार जला दिया गया। बता दें कि कुछ दिनों पहले कांकेर बाईपास रोड पर तेंदुआ नजर आया था। ये तेंदुआ सड़क पर मृत पड़े मवेशी के पास देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इस तरह की घटनाएं कांकेर और धमतरी के इलाकों में लगातार हो रही है। गौरतलब है कि 12 अप्रैल 2022 कोधमतरी रेंज के ग्राम बरारी में ग्रामीणों ने एक मृत तेंदुए का शव देखा था।