JAGDALPUR. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की राष्ट्रीय नेत्री प्रियंका गांधी का दौरा होना है। प्रियंका गांधी छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर आ रहीं है। वहीं इस बीच जगदलपुर से खबर निकल आ रही है कि यहां के अनियममित कर्मचारी संघ द्वारा प्रियंका गांधी के स्वागत में दो किलोमीटर रोड की गोबर से लिपाई करेंगे। साथ ही प्रियंका गांधी को गोबर के कंडे से बना माला स्वागत के लिए भेंट भी किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रदेश के लगभग एक लाख 80 हजार अनियमित कर्मचारी प्रियंका गांधी के बस्तर आगमन पर कार्यक्रम स्थल से दो किलोमीटर पहले गोबर की लिपाई कर छत्तीसगढ़ की महत्वाकांक्षी योजना गोधन न्याय योजना के प्रचार के साथ जनघोषणा पत्र के नियमितीकरण के वादे को पूरा कराने के लिए गोबर के कंडे की माला भेंट करेंगें। ऐसा कर कर्मचारी अपनी मांग प्रियंका गांधी के समक्ष रखने जाएंगे। इसके लिए जिला कलेक्टर बस्तर से अनुमति देने की मांग की गई है। इस कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालन करने के लिए बाकायदा प्रभारियों के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महा संघ के छत्तीसगढ़ प्रदेश सचिव भूपेन्द्र साहू ने कहा कि गोधन से संबंधित तमाम योजनाओं, कार्यक्रम छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाई जा रही है। लेकिन अनियमित कर्मचारियों को लेकर की गई घोषणा से अब तक हमें वंचित ही रखा गया है, इसलिए उन्हें स्वागत स्वरूप गोबर के कंडे से बने माला भेंट किया जाएगा। साथ ही उनके स्वागत में दो किलोमीटर रोड की गोबर से लिपाई की जाएगी।