महासमुंद। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से आम लोग त्रस्त हैं। गुरुवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने महासमुंद पहुंचे केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को कांग्रेस के आक्रोश का सामना करना पड़ा। महासमुंद पहुंचे केन्द्रीय मंत्री पुरी को कांग्रेसियों ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। इस दौरान कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की।
बता दें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी एक दिवसीय दौरे छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। इस दौरान वे पटेवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद केन्द्रीय मंत्री का काफिला यहां से रवाना हुआ। महासमुंद कांग्रेस भवन के पास पहले से कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे लेकर इनके विरोध में खड़े थे। जैसे ही केन्द्रीय मंत्री की गाड़ी वहां से गुजरी कांग्रेसियों ने झंडे दिखाना शुरू कर दिया। इस दौरान नारेबाजी की।
अपने उच्चतम स्तर पर पेट्रोल-डीजल के दाम
बता दें पेट्रोल डीजल के दाम पूरे देश में इस समय अपने उच्चतम स्तर पर हैं। 22 मार्च से पेट्राल व डीजल पर जो दाम बढ़ने शुरू हुए लगातार बढ़ते ही रहे। इस दौरान पेट्रोल प डीजल पर 10 रुपए से ज्यादा की बढ़ोत्तरी कर दी गई। इस बढ़ोत्तरी के कारण आम आदमी कमर ही टूट गई है। एक तो ईंधन की कीमतों में इजाफा और उस पर से खाद्य सामग्रियों में बढ़ती महंगाई। आम लोगों को महंगाई की चौतरफा मार झेलनी पड़ रही है।
केन्द्रीय मंत्री को घेरने की पहले से थी तैयारी
वहीं केन्द्रीय मंत्री के दौरे को लेकर कांग्रेस द्वारा पहले से तैयारियां की गई थी। पेट्रोल व डीजल की कीमतों को लेकर केन्द्रीय मंत्री को घेरने की योजना पहले से बन गई थी। इसी कड़ी में गुरुवार को महासंमुंद पहुंचे केन्द्रीय मंत्री को कांग्रेसियों द्वारा काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। विरोध के दौरान किसी प्रकार की अप्रीय स्थिति निर्मित नहीं हुई।