गरियाबंद। यहां मुखबिरी के शक एक युवक को नक्सलियों ने बेरहमी से पीटा है। गंभीर हालत में युवक मिला है। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद युवक को अस्पताल पहुंचाया है। मौके से एक पर्चा मिला है जिसमें नक्सलियों द्वार युवक को पुलिस मुखबिरी करने के कारण सजा देने की बात लिखी गई है। पर्चे में मृत्युदंड देने की बात लिखी गई हालांकि युवक की मौत नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार गरियाबंद जिले के अमलीपदर क्षेत्र के खरीपथरा निवासी धनीराम (40) के घर देर रात दो हथियारबंद नक्सली पहुंचे। नक्सलियो ने पहले दरवाजा खुलवाया और धनीराम को बाहर लेकर गए। नक्सली धनाराम को घर से काफी दूर लेकर गए। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। धनीराम को नक्सलियों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और गांव के बाहर फेंक कर चले गए।
सुबह पड़ी लोगों की नजर
गंभीर रूप से घायल धनीराम पर आज सुबह लोगों की नजर पड़ी। धनीराम के सीने और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल धनीराम को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। इधर पुलिस ने मौके से एक पर्चा बरामद किया है जिसमें नक्सलियों ने मुखबिरी करने के कारण सजा देना लिखा है।
मौके पर मिले पर्चे में लिखा गया है कि धनीराम पुलिस को खबर देता है। तीन से चार बार इसे समझाया गया लेकिन यह नहीं माना। रुपयों के लालच में पुलिस को खबर देता है इसलिए इसे मृत्युदंड दिया जाता है। पुलिस की मुखबिरी करने वालों को इसी प्रकार की सजा दी जाएगी। पर्चे में नीचे भाकपा माओवादी उदंती एरिया कमेटी लिखा हुआ है। युवक को घायल किए जाने की घटना के बाद आसपास दहशत का माहौल है।
इधर इस मामले में मैनपुर SDOP अनुज गुप्ता का कहना है कि नक्सलियों ने युवक की इतनी बेरहमी पिटाई क्यों की इसकी जांच की जा रही है। हालांकि नक्सलियों को युवक पर पुलिस मुखबिरी का शक था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।