राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पारिवारिक विवाद के कारण अपनी पत्नी की हत्या कर पति फांसी पर झूल गया। दोनों के शव घर से करीब 15 किलोमीटर दूर ग्राम अछोली में मिले। आसपास के ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह दोनों के शवों को देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी। वहीं दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
डोंगरगढ़ पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान ठाकुर टोला निवासी महेश्वर वर्मा व उसकी पत्नी संगीता वर्मा के रूप में हुई हैं। पुलिस जब मौके पर पहुंचे तो महिला का शव जमीन पर पड़ा था वही मोटरसाइकिल पर खड़ी थी और महेश्वर वर्मा का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। महिला के शव को देखकर पुलिस ने अनुमान लगाया है कि महेश्वर ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की उसके बाद वह पेड़ पर फंदे से लटक गया। घटना की जानकारी के लगने के बाद मौके पर परिजन भी पहुंच गए।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने बताया कि यह पूरा घटनाक्रम पारिवारिक विवाद के कारण हुआ है। महेश्वर अपनी पत्नी के साथ संयुक्त परिवार में रहता था। वहीं उसकी पत्नी संगीता चाहती थी कि दोनों अलग रहे। महेश्वर इसके लिए तैयार नहीं हो रहा था, इसी बात को लेकर दोनों पति पत्नी में विवाद होने लगा। पुलिस ने बताया कि विवाद के कारण महेश्वर की पत्नी मायके चली गई थी। गुरुवार को ही महेश्वर अपनी पत्नी को समझा बुझाकर लाया था। गुरुवार शाम को वह अपनी पत्नी को लेकर मोटर साइकिल में निकला और सुबह दोनों के शव मिले। पुलिस ने बताया कि महेश्वर अपनी पत्नी को लेकर अछोली गांव के इस सुनसान जगह पर पहुंचा और पहले अपनी पत्नी का गला घोंट दिया और उसके बाद खुद भी फांसी पर झूल गया। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस जांच कर रही है।