भिलाई। बहुचर्चित नगर निगम भिलाई में महापौर व सभापति का निर्वाचन 6 जनवरी को होगा। इससे पहले शहर में इस बात की चर्चा है कि भिलाई निगम का महापौर कौन होगा और सभापति की कुर्सी किसे मिलेगी? गुरुवार दोपहर 2:00 बजे तक भिलाई निगम की तस्वीर भी साफ हो जाएगी। भिलाइर निगम को लेकर उत्सुकता इसलिए भी है क्योंकि यहां दावेदारों की लंबी लिस्ट है।
बता दें कि इस बार नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जबरदस्त सफलता मिली है। चार निगम सहित 15 निकायों में हुए चुनाव में जामुल व खैरागढ़ को छोड़कर शेष सभी जगह बहुमत हासिल किया। कोरिया जिले के बैकुंठपुर नगर पंचायत अपवाद निकला जहां बहुमत होने के बाद भी क्रॉस वोटिंग के कारण भाजपा का अध्यक्ष बन गया। शेष निकायों में कांग्रेस के ही अध्यक्ष व महापौर बने। अब तक तीन नगर निगम भिलाई चरोदा, बीरगांव व रिसाली में कांग्रेस के महापौर व सभापति निर्वाचित हो चुके हैं। अब भिलाई निगम की बारी है।
यह है महापौर के दावेदार
नगर पालिक निगम भिलाई में महापौर को लेकर काफी उत्सुकता बनी हुई है इसका कारण यहां दावेदारों की संख्या ज्यादा होना है। महापौर के लिए अब तक वार्ड 59 के पार्षद एकांत बंछोर व वार्ड 5 के पार्षद संदीप निरंकारी के नाम सबसे ऊपर देखे जा रहे हैं। वही इस दौड़ में वार्ड 7 से पार्षद आदित्य सिंह, वार्ड 60 से पार्षद नीरज पाल, वार्ड 65 से पार्षद सुभद्रा सिंह व वार्ड 66 के पार्षद लक्ष्मीपति राजू भी शामिल है। सभापति के तौर पर कांग्रेस वार्ड 60 के पार्षद नीरज पाल व वार्ड 70 के पार्षद सीजू एंथोनी पर दांव खेल सकती है। इधर भाजपा ने भी स्पष्ट कर दिया है कि वे कांग्रेस को सीधे महापौर चुनने नहीं देंगे। वे भी अपना प्रत्याशी खड़ा करेंगे। इसे देखते हुए माना जा रहा है कि कल भिलाई निगम में होने वाले महापौर व सभापति चुनाव काफी रोमांचकारी होगा।
सीधे शपथ ग्रहण में पहुंचेंगे तारे पार्षद
इससे पहले की नगर निगम भिलाई के महापौर सभापति का निर्वाचन हो कांग्रेस पार्टी ने एहतियातन अपने सभी पार्षदों को अज्ञातवास पर भेज दिया है। बताया जा रहा है कि सभी पार्षद गुरुवार को सीधे शपथ ग्रहण में उपस्थित होंगे। भिलाई निगम के सभी कांग्रेसी पार्षद व समर्थन देने वाले निर्दलीय पार्षदों को कांग्रेस आलाकमान ने पुरी ट्रिप पर भेज दिया, जो कि कल सीधे शपथ ग्रहण समारोह में ही उपस्थित होंगे। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने ऐसा अपने पार्षदों को टूटने से बचाने के लिए किया है।
यह है महापौर व सभापति निर्वाचन का मिनट 2 मिनट कार्यक्रम
नगर पालिक निगम भिलाई में 6 जनवरी को पहला सम्मीलन होगा। सुबह 10:00 बजे कलेक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे सभी पार्षदों को शपथ दिलाएंगे। इसके बाद 11:00 से 12:00 के बीच महापौर व सभापति के लिए नामांकन होगा। नामांकन के बाद 1:00 बजे तक नामांकन पत्र की जांच होगी। सभी वार्डों के पार्षद दोपहर 1:00 से 2:00 के बीच महापौर व सभापति के लिए मतदान करेंगे। मतदान के बाद मतों की गिनती शुरू होगी। गणना के बाद 3:00 बजे कलेक्टर द्वारा अधिकारिक रूप से महापौर व सभापति की घोषणा कर देंगे। महापौर व सभापति के साथ ही अपील समिति के 3 सदस्यों का चुनाव भी किया जाएगा।