BHILAI. दुर्ग जिले में पुलिस विभाग में अधिकारियों का तबादला हो गया। तबादला आदेश बुधवार को दुर्ग एसपी ने जारी किया। इसमें दो निरीक्षकों और दो चौकी के प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बुधवार देर शाम यह स्थानांतरण आदेश जारी किया।
दुर्ग पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ.अभिषेक पल्लव ने कहा कि निरीक्षक और उप निरीक्षक को प्रशासनिक दृष्टिकोण से आगामी आदेश पर्यन्त अस्थाई तौर पर स्थानांतरित कर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसपी डॉ.अभिषेक पल्लव द्वारा जारी आदेश में उतई थाना की प्रभारी (निरीक्षक) नवी मोनिकी पाण्डेय को को छावनी थाना का प्रभार सौपते हुए नवीन स्थान पर पदस्थापित किया गया है। वहीं निरीक्षक और रानीतराई के थाना प्रभारी मनोज प्रजापति को नए स्थान की जिम्मेदारी देते हुए थाना उतई का प्रभार सौपा गया है।
वहीं दो उप निरीक्षकों का भी तबादला किया गया है। इसमें उप निरीक्षक राधेश्याम जुर्री थाना पाटन से थाना प्रभारी जामगांव (आर) की जवाबदेही संभालेंगे। वहीं उप निरीक्षक ऐनू कुमार देवांगन को थाना प्रभारी जामगांव (आर) से थाना प्रभारी रानीतराई का प्रभार दिया गया है।
गौरतलब है कि दुर्ग जिले में कानून और व्यवस्था सुगम बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया जाता रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को दो निरीक्षकों सहित चार अधिकारियों को नए स्थान पर पदस्थापित किया गया है।