PENDRA. विधानसभा चुनाव से पहले पेंड्रा-मरवाही जिले में कांग्रेस में एक बार फिर गुटबाजी दिखाई देने लगी है। जहां दो ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्षों के कामकाज से असंतुष्ट होकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है।
दरअसल पीसीसी द्वारा दिये गये दायित्वों के लिये जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बैठक बुलायी थी। इसमें बूथ स्तर की कमेटियों को लेकर गौरेला के ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष अमोल पाठक और पेंड्रा के ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास को भी दायित्व दिया गया था। पर इन दोनों ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्षों की कामकाज की शैली से पहले से ही नाखुश चल रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने दोनों की जगह गौरेला में बाला कश्यप और पेंड्रा में रामरतन पेंद्रो को ब्लाॅक कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि दोनों ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्षों पर बैठकों से नदारद रहते हैं। पार्टी के कामों में न भाग लिया जाता है और एक साल से बूथ कमेटियों का गठन नहीं किया जा रहा था, इसलिये कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति की है। वहीं ब्लाॅक कांग्रेस पेंड्रा के अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास ने इन आरोपों को नकारते हुये इस प्रकार की किसी नियुक्ति की जानकारी होने से इंकार किया है।
ज्ञात हो कि मरवाही उपचुनाव 2020 के समय से ही इन दोनों ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्षों के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष का मतभेद सियासी गलियारे मे चर्चा का विषय बना हुआ था जोकि अभी भी दिखाई दे रहा है। जो भी हो लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह की गुटबाजी कांग्रेस के लिए परेशानी का सबब बन सकती है।