RAIPUR. नवा रायपुर में चल रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में आज कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। राहुल गांधी के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पार्टी डेलिगेट्स को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हमारे संगठन के सामने बहुत बड़ी चुनौती है। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए हमें एक साथ लड़ने की जरूरत है। इस चुनौती को लेकर हम इकट्ठा हुए हैं। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आने वाली छह मार्च को अडाणी को लेकर पूरे देश में प्रदर्शन करेगी।
प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता वो अनोखेलाल है, जो झंडे को लेकर कश्मीर से कन्याकुमारी तक चला। ऐसे कई नाम हैं, जो कार्यकर्ता अधिवेशन में मौजूद नहीं हैं, उन कार्यकर्ताओं तक हमें संदेश पहुंचाना है। हमें एकजुट होकर लड़ना है। प्रियंका ने यह भी कहा कि हमें अपने गिले शिकवे अलग करना होगा। एकजुट होकर लड़ना होगा। आज नौजवानों के पास रोजगार नहीं है। एक साथ हमें काम करना पड़ेगा। किसान मुश्किलों में घिरे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री अपने दोस्तों को मुफ्त में जमीन दिला रहे हैं। गिने चुने उद्योगपतियों की आमदनी बढ़ती जा रही है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि हमसे उम्मीदें हैं कि हम एकजुट हों, जिनकी विचारधारा भाजपा से अलग है। वे सभी साथ आएं। हमारी एकजुटता से, हमारी निष्ठा से हम कोई भी मुश्किल काम कर सकते हैं। जब रोजगार, महंगाई, बेरोजगारी की बात होती है तो इन मुद्दों पर चुनाव लड़ा जाना चाहिए। आजकल देश में नकारात्मक माहौल है। हमें सकारात्मक तरीके से अपनी बात रखनी होगी।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले- गांव और शहर के बीच हो रही गहरी खाई
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सीडब्ल्यूसी की संख्या 25 से 35 की गई। हम अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे। गांव और शहर के बीच खाई गहरी होती जा रही है। कांग्रेस का मतलब है करुणा, कांग्रेस का मतलब है न्याय। हम अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि जाति जनगणना अनिवार्य है और सरकार ने अभी तक इसे नहीं किया है। खड़गे ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनावों में 50 फीसदी सीटें, महिला, युवाओं और एससी-एसटी को दी जाएंगी। अधिवेशन में कई विषयों पर चर्चा हुई है। इससे पार्टी मजदूत होगी। हमने जिन प्रस्तावों की मंजूरी दी है।