BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में राजनीतिक वर्चस्व और जमीन कारोबार की लड़ाई अब खून-खराबे में बदल चुकी है। कांग्रेस नेता नितेश सिंह पर हुए फायरिंग केस में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में अब कांग्रेस नेता अकबर खान को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि गोलीकांड से पहले मुख्य आरोपी विश्वजीत की अकबर खान से मुलाकात हुई थी। पुलिस ने इस मीटिंग का CCTV फुटेज भी जब्त कर लिया है।

पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर सभी शूटरों समेत मास्टरमाइंड विश्वजीत को गिरफ्तार कर लिया था। चार आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर लगातार पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में हथियारों की सप्लाई और साजिश की कई परतें खुल रही हैं।

हत्या की सुपारी और पैसे का लेनदेन
जांच में सामने आया है कि कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय ने नितेश सिंह की हत्या कराने की सुपारी दी थी। तारकेश्वर ने शूटर्स को पैसे देने के लिए एक लाख रुपये भी उपलब्ध कराए थे। वहीं अकबर खान पर आरोप है कि वह नितेश सिंह पर फायरिंग करवाने की साजिश में शामिल था।

जमीन कारोबार से जुड़ा विवाद
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अकबर खान और विश्वजीत एक साथ मस्तूरी क्षेत्र में जमीन कारोबार करते थे। इसी कारोबार में मतभेद और वर्चस्व की लड़ाई के चलते विवाद बढ़ा। जब पुलिस को इस संबंध में ठोस सबूत मिले, तो अकबर खान को गिरफ्तार कर लिया गया।

9 आरोपी अब तक गिरफ्तार
अब तक इस केस में कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्टल, कट्टा और कारतूस भी बरामद किए हैं, जबकि तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय अभी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।


































