BALOD NEWS. बालोद जिला के गुरुर थाना क्षेत्र में महिला से अनाचार करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नीलकंठ यादव ने उस महिला को शादी करने का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया। महिला जब 4 माह की गर्भवती हुई तो आरोपी ने शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़ित महिला द्वारा गुरूर थाना में शिकायत करने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला ने 14 सितंबर को गुरूर थाना में लिखित शिकायत दी है कि नीलकंठ यादव उर्फ नीलू यादव द्वारा वर्ष 2019 में शादी करने का झांसा देकर उससे पहली बार शारीरिक संबंध बनाया गया। उसके बाद लगातार पीड़िता का शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान पीड़ित महिला चार माह की गर्भवती होने पर आरोपी द्वारा उसे अपना बच्चा नहीं है कहते हुए शादी करने से इंकार कर दिया। जिससे प्रताड़ित होकर थाना गुरूर में अपनी आप बीती बताते हुए लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
उप पुलिस अधीक्षक, बालोद ने देवांश राठौर ने बताया कि विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपी नीलकंठ उर्फ नीलू यादव को उसके घर से आज गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही करते हुए न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायालय की शरण में भेज दिया है। जहां से उसे जेल भेजा गया।
बुजुर्ग ने किया नाबालिग को प्रेग्नेंट
इसके पहले बीते महीने में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था जब, राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना इलाके में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया। दुष्कर्म के बाद 15 साल की नाबालिग लड़की ने एक बच्चे को भी जन्म दिया । जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। नाबालिग के प्रेग्नेंट होने के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया। जिसकी उम्र 61 साल बताई गई। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग पीड़िता से 61 साल का बुजुर्ग लगातार अनाचार कर रहा था। इसकी वजह से नाबालिग प्रेग्नेंट हो गई थी और उसने एक पुत्र को जन्म दिया। पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी और पीड़िता दोनों पड़ोस में रहते हैं, पड़ोसी होने के नाते वह उसके घर आया जाया करता था। आरोपी डरा धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था।