RAIGARH NEWS. खरसिया हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पड़ोसी ही कातिल निकला है। आरोपी का नाम लोकेश्वर पटेल है जो कि पूर्व में हत्या के मामले में यूपी की जेल में सजा काट चुका है। बताया जा रहा है कि मृतका ने आरोपी के बेटे की खिलाफ थाने में धान चोरी की शिकायत की थी। आरोपी मृतक के घर के पीछे की जमीन लेना चाहता था, इसी रंजिश में हत्या की गई है। पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करेगी।
दरअसल खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम ठुसेकेला में बीते गुरुवार की सुबह एक ही परिवार के चार सदस्यों की घर की बाड़ी में लाश दफन मिली। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस ने घर के पीछे बाड़ी से शवों को बरामद किया। मृतकों में 45 वर्षीय बुधराम सिदार पत्नी सहोदरा, बेटी शिवांगी और बेटे अरविंद शामिल थे। घटना ने जहां पूरे गांव को झकझोर दिया है तो वहीं पुलिस के सामने भी हत्यारे को पकड़ना बड़ी चुनौती थी। पिछले 24 घंटे की तफ्तीश में पुलिस अब तक हत्यारे तक नहीं पहुंच पाई थी।
परिवार के चार लोगों की हत्या ने कई सवालों को जन्म दे दिया है। मसलन बुधराम सिदार और उनके बच्चों की हत्या के पीछे मकसद क्या था। हत्या करने वाले क्या एक से अधिक लोग थे? जिस तरह से शवों को दफनाया गया क्या पेशेवर लोग शामिल थे। अगर मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा है तो क्या परिवार के किसी व्यक्ति या रिश्तेदार का हाथ है? पुलिस इन तमाम सवालों के जवाब तलाश रही थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच की दिशा संपत्ति विवाद की ओर थी। पुलिस की तफ्तीश में यह बात भी सामने आई है कि मृतक की जमीन चोटी गुड़ा गांव में प्रस्तावित रेल लाइन के दायरे में आ रही थी, जिसका उसे मुआवजा भी मिलना था। हालांकि इस मामले में फिलहाल पुलिस जांच प्रभावित होने की बात कहते हुए कुछ भी कहने से कतरा रही है।
मामले में पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से आसपास के कुछ लोगों और संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का यह भी कहना था की मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा हो सकता है और घटना में एक से अधिक लोगों के शामिल होने का अंदेशा था। पुलिस ने जांच के लिए आधा दर्जन टीमें बनाई थी, जो पिछले 24 घंटे से खरसिया में कैंप किए हुए हैं।