RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 10 दिनों के विदेश दौरे से रायपुर वापस लौट आए हैं। जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा से लौटे मुख्यमंत्री का एयरपोर्ट पर अभूतपूर्व स्वागत हुआ। प्रदेशभर से भाजपा के हजारों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री की आगवानी करने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने विदेश यात्रा को उद्योग और निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण करार दिया।
छत्तीसगढ़ में उद्योगों और निवेश की संभावनाएं तलाशने दो देशों की यात्रा पर गए सीएम साय लौट आए। प्रदेश में निवेश को लेकर सकारात्मक प्रस्तावों के साथ लौटे मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत भी किया गया। मंत्रिमंडल के सदस्यों और विधायक, सांसदों ने जहां एयरपोर्ट में आगवानी की। वहीं युवा मोर्चा और महिला मोर्चा ने एयरपोर्ट से सीएम हाउस तक बाइक रैली भी निकाली।
इससे पहले सीएम ने अपनी विदेश यात्रा के संबंध में बताया खाद्य प्रसंस्करण, स्किल डेवलपमेंट, पर्यावरण संरक्षण, इलेक्ट्रानिक्स और ईवी जैसे सेक्टर के लिए छह निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। ओसाका के वर्ल्ड एक्सपो में छत्तीसगढ़ एकमात्र राज्य था, जिसमें अपनी सारी जानकारी जापानी भाषा में दी। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने ढोकरा सिल्प, कोसा, हस्तशिल्प के विषय में भी जानकारी साझा की। ओसाका के छत्तीसगढ़ पवेलियन में नई औद्योगिक नीति 2024-30 काे विस्तार के साथ प्रदर्शित किया, निवेशकों को इसके संबंध में विस्तार से जानकारी दी ।
जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा में कई उद्याेग समूहों से चर्चा कर निवेश के संबंध में जानकारी दी और आमंत्रित किया। सीएम साय ने बताया आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, क्लीन एनर्जी, फूड प्रोसेसिंग, ईवी समेत कई उद्योगों के संबंध में निवेशकों की अभिरूचि सामने आई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विदेश दौरे से लौटने के बाद कहा कि PM मोदी के जापान दौरे से भारत में 10 वर्षों में 6 लाख करोड़ का निवेश आने वाला है। यह देश की अर्थव्यवस्था को नई ताकत देगा। छत्तीसगढ़ में भी औद्योगिक निवेश और विकास की एक नई ऊर्जा लेकर आएगा। हमारे जापान दौरे ने इस दिशा में राज्य को सीधे जोड़ने का काम किया है। प्रधानमंत्री मोदीजी की दूरदृष्टि व नेतृत्व हमें निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा दे रहे हैं। प्रदेश में उद्योग और निवेश के क्षेत्र में यात्रा का असर देखने मिलेगा।
मुख्यमंत्री बनने के बाद विष्णुदेव साय की पहली विदेश यात्रा कई मायनाें में बेहद खास रही। दो देशों की यात्रा में मुख्यमंत्री ने जहां बड़े निवेशकों से मुलाकात और निवेश के लिए आमंत्रित किया। वहीं प्रदेश की संस्कृति, उद्योग नीति से लेकर ढोकरा, कोसा, हस्तशिल्प के विकास को लेकर भी उद्योग समूहों से चर्चा की। ऐसे में यह तय है कि आने वाले समय में न सिर्फ इसका सीधा लाभ प्रदेश में उद्योगों की स्थापना के रूप में नजर आएगा। बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते भी खुलेंगे।