RAIPUR. तेज गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री हो गई है। पहली बार सुकमा के रास्ते दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ में पहुंचा है। मौसम विभाग ने सुकमा जिले के साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र, ओडिशा के कुछ भाग और तेलंगाना में भी दक्षिण पश्चिम मानसून के प्रवेश की घोषणा की है। अब दक्षिण पश्चिम मानसून बड़ी तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। बता दें कि पिछले साल 23 जून को छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री हुई थी।
मानसून आते ही बस्तर समेत विभिन्न क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 9 जून को आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही बारिश के आसार हैं। दक्षिण पश्चिम मानसून का रायपुर प्रवेश भी समय से पहले होने की संभावना है। सामान्य से काफी ज्यादा बारिश की संभावना है। इससे पहले शनिवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट भी रही।
मानसून की आहट से लू के थपेड़ों से राहत मिली है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार सोमवार से बुधवार 12 जून तक प्रदेश में बारिश की गतिविधि कम होने की संभावना है। 13 जून से प्रदेश में फिर बारिश की गतिविधि बढ़ेगी और इसके अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण छत्तीसगढ़ के साथ ही रायपुर में भी मानसून प्रवेश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर के शेष भाग, महाराष्ट्र के कुछ भाग और तेलंगाना में अगले दो से तीन दिनों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं। रविवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बिजली भी गिर सकती है। शनिवार को बलरामपुर सर्वाधिक तापमान 42.5 डिग्री रहा। रायपुर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री दर्ज किया गया।
प्रदेश में मानसून के दौरान 1143.4 मिमी बारिश होती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस साल 106 फीसदी बारिश का अनुमान है। यदि पूर्वानुमान के अनुसार बारिश होती है तो 30 सितंबर तक राज्यभर में लगभग 1170 मिमी पानी गिर सकता है। मौसम विभाग पूर्वानुमान में 4 फीसदी की त्रुटि लेकर चलता है। फिर भी राज्य में औसत के आसपास बारिश होने की संभावना रहती है।