JANJGIR. कोरबा की कक्षा 11वीं की छात्रा प्रियंका सोनवानी बीते 17 सितंबर को कोचिंग के लिए निकली थी। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। इधर, उसकी लाश जांजगीर के नैला से होकर बहने वाली नहर में मिली है। उसके शरीर पर लगे चोट के निशान और कपड़े के फटे होने से दोनों जिलों की पुलिस उलझ गई है।
कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मण बनतालाब निवासी प्रियंका सीतामढ़ी के स्कूल में 11वीं की छात्रा थी। रोज की तरह वह 17 सितंबर को भी भी शाम के समय ट्यूशन जाने को निकली थी। इसके बाद से वह गायब हो गई। करीब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंची तो उसकी सहेलियों, शिक्षकों समेत रिश्तेदारों के घर पतासाजी की गई। तब भी उसका कहीं पता नहीं चला। तब परिजन कोतवाली थाना पहुंचे और प्रियंका की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई थी।

इधर, सोमवार की शाम को जांजगीर के नैला की बड़ी नहर में कुछ लोगों ने एक लड़की की लाश देखी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्ती के लिए प्रयास तेज किया। तब उसकी पहचान कोरबा की प्रियंका के रूप में हुई। पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें सूचना दी। प्रियंका के पिता हीरालाल ने बताया कि वे मूलत: जांजगीर के रहने वाले हैं और वे काफी समय पहले से कोरबा में ही आकर बस गए हैं। वे यहां रहकर रोजी-मजदूरी करते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रियंका पढ़ाई में अच्छी थी और प्रतिदिन स्कूल व शाम के समय ट्यूशन जाती थी। घर से ट्यूशन क्लास भी सिर्फ 500 मीटर दूर है। प्रियंका के पिता ने हत्या की आशंका जताई है।
सर्वमंगला रोड पर सीसीटीवी में आई थी नजर
कोतवाली थाना प्रभारी रूपक शर्मा ने जानकारी दी है कि प्रियंका के लापता होने की सूचना मिलने के बाद उसकी तलाश की गई थी। इस बीच आसपास व जहां उसके जाने की आशंका थी वहां लगे सीसीटीवी की जांच की गई थी। तब सर्वमंगला रोड में एक सीसीटीवी कैमरे पर वह पैदल जाते हुए नजर आ रही है। अब मामले की जांच के लिए पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही इस मामले की जांच पूरी कर खुलासे की बात कही है।





































