RAMANUJGANJ NEWS. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रामानुजगंज क्षेत्र के छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर स्थित सामरी के ओरसा पाठ घाट में एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 82 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिले के पिपरसोत गांव के ग्रामीण ज्ञान गंगा स्कूल की बस से झारखंड के महुआडांड होते हुए लोध फॉल घूमने जा रहे थे। इसी दौरान ओरसा घाट के मोड़ पर बस तेज रफ्तार में नियंत्रण खो बैठी और पीडब्ल्यूडी के रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए पलटकर एक पेड़ से टकरा गई। बस में करीब 100 यात्री सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही झारखंड के महुआडांड थाना प्रभारी मनोज कुमार और सामरी थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। बस में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायलों को महुआडांड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, वहीं कुछ घायलों को इलाज के लिए छत्तीसगढ़ के अस्पतालों में भी रेफर किया गया है। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य अमले को अलर्ट पर रखा गया है।

हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।




































