TEHRAN NEWS. ईरान में जारी संघर्ष के बीच शुक्रवार को अमेरिकी वायुसेना का अत्याधुनिक F-15E Strike Eagle लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध के बाद यह पहली घटना है, जब कोई अमेरिकी फाइटर जेट ईरान की सीमा के भीतर गिरा है। इस घटना ने युद्ध के हालात को और गंभीर बना दिया है। सूत्रों के मुताबिक, विमान में दो लोग सवार थे—एक पायलट और दूसरा वेपन सिस्टम्स ऑफिसर। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी विशेष बलों ने एक क्रू मेंबर को सुरक्षित निकाल लिया है, जबकि दूसरे की तलाश अभी भी जारी है। इस घटनाक्रम की जानकारी Axios और CBS News ने भी दी है।

ईरानी सरकारी चैनलों ने नागरिकों के लिए विशेष घोषणा करते हुए कहा है कि यदि कोई व्यक्ति अमेरिकी पायलट को जिंदा पकड़कर सुरक्षा एजेंसियों को सौंपता है, तो उसे “बहुमूल्य इनाम” दिया जाएगा। यह अपील खासतौर पर कोहगिलुयेह और बोयेर-अहमद प्रांत के नागरिकों से की गई है, जहां यह दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। यह इलाका पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्र है, जिसका भौगोलिक विस्तार करीब 15,500 वर्ग किलोमीटर है।

इसके साथ ही पड़ोसी चहारमहल और बख्तियारी प्रांत में भी सर्च ऑपरेशन तेज करने की अपील की गई है। ईरानी टीवी पर ऑन-स्क्रीन चेतावनी जारी करते हुए कहा गया कि अगर दिखें तो गोली मार दें।” इस संदेश के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपने निजी वाहनों से कथित क्रैश साइट की ओर निकल पड़े, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।

इसके बाद में ईरानी सशस्त्र बलों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नागरिकों से संयम बरतने की अपील की। सरकारी प्रसारक IRIB ने सोशल मीडिया पर बताया कि लोग बड़ी संख्या में मौके की ओर जा रहे हैं, लेकिन किसी को भी पायलट के साथ दुर्व्यवहार करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में वायरल तस्वीरों और वीडियो में अमेरिकी हेलीकॉप्टर और अन्य सैन्य विमान क्रैश साइट के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ते हुए नजर आ रहे हैं।

इन दृश्यों को अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने भी रिपोर्ट किया है, जिससे इस घटना की गंभीरता और बढ़ गई है। स्थिति अभी भी संवेदनशील बनी हुई है, और लापता क्रू मेंबर की तलाश में दोनों पक्षों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। यह घटना आने वाले दिनों में युद्ध की दिशा पर भी असर डाल सकती है।





































