MAHASMUND NEWS. छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बढ़ती अंतर्कलह एक बार फिर सामने आई है। महासमुंद जिले के जिला कांग्रेस कार्यालय में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब प्रेसवार्ता समाप्त होने के बाद पार्टी पदाधिकारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। इस घटना ने संगठन के भीतर चल रही गुटबाजी को उजागर कर दिया है।


मिली जानकारी के अनुसार, महंगाई के मुद्दे पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपेक्षा से कम कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहुंचे थे। इसी बात को लेकर बैठक समाप्त होने के बाद जिला उपाध्यक्ष, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष और एक पार्षद के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आपसी हाथापाई की नौबत आ गई।

हंगामे के दौरान कांग्रेस कार्यालय के भीतर रखी कुर्सियों और कांच के सामान को भी नुकसान पहुंचा। अचानक हुए विवाद से कुछ समय के लिए कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को दे दी जाएगी और संगठन स्तर पर उचित कार्रवाई की जाएगी।





































