BILASPUR NEWS. रतनपुर क्षेत्र के पेंडरवा गांव में अवैध संबंध के शक ने एक परिवार को तबाह कर दिया। बुधवार शाम एक व्यक्ति ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर दूसरे परिवार के घर में घुसकर तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में 70 वर्षीय मुराद बेगम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि हमले से एक दिन पहले ही पीड़ित पक्ष की महिलाएं शिकायत लेकर थाने पहुंची थीं, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। यहां तक कि अगले दिन भी गांव में पुलिस नहीं पहुंची, और कुछ ही घंटों बाद खूनी वारदात हो गई।

हमले के पीछे अवैध संबंध का शक बताया जा रहा है। आरोपी सुरेश श्रीवास को अपनी पत्नी और चांदी खान के बीच संबंध होने का संदेह था, जिसे लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले एक साल से विवाद चल रहा था। तीन महीने पहले सामाजिक स्तर पर तलाक होने के बावजूद तनाव खत्म नहीं हुआ।

बुधवार शाम आरोपी अपने दो बेटों के साथ तलवार लेकर चांदी खान के घर पहुंचा। उस समय घर में महिलाएं और बच्चे ही मौजूद थे। आरोपियों ने बिना कुछ सोचे-समझे ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया, जिसमें खाट पर लेटी बुजुर्ग महिला मुराद बेगम की जान चली गई।

घायलों को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।





































