RAIPUR/ AMBIKAPUR NEWS. नवरात्रि के पावन अवसर पर मां महामाया की धरा से एक नई खेल पहल की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित पीजी कॉलेज ग्राउंड में सरगुजा ओलंपिक का विधिवत शुभारंभ किया और अंचलवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान संभाग के सभी जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर मुख्यमंत्री को सलामी दी, वहीं मुख्यमंत्री ने मंच से खिलाड़ियों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री साय ने मां महामाया का स्मरण करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक की सफलता के बाद अब सरगुजा में भी इस आयोजन की शुरुआत की गई है, जिससे यहां के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक में पहले वर्ष 1.65 लाख और इस वर्ष 3.91 लाख प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि सरगुजा ओलंपिक में इस बार करीब 3.49 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इनमें से 2000 से अधिक खिलाड़ी संभाग स्तरीय तीन दिवसीय प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए बजट में बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक के वार्षिक आयोजन हेतु 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जबकि स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं को क्रमशः 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय नेतृत्व के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर क्षेत्र अब तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और नक्सल मुक्ति का संकल्प जवानों के साहस से पूरा होने की कगार पर है। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक में आत्मसमर्पित नक्सलियों की टीम “जोआ बाट” के नाम से शामिल हुई थी, जिसमें करीब 700 सदस्य शामिल थे।
उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है और बस्तर व सरगुजा अंचल में खेल अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। सरगुजा के पंडरापाठ में 20 करोड़ रुपये की लागत से आर्चरी अकादमी स्थापित की जा रही है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा।

इस अवसर पर राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता गीता फोगाट ने भी खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक में बड़ी संख्या में बेटियों की भागीदारी देखना सुखद है और युवाओं को बड़े सपने देखने, कड़ी मेहनत करने तथा नशे व गलत आदतों से दूर रहने का संदेश दिया।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि सरगुजा ओलंपिक में 6 जिलों से कुल 3.49 लाख प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है, जिनमें 1.59 लाख पुरुष और 1.89 लाख महिलाएं शामिल हैं। तीन दिवसीय इस आयोजन में 11 से अधिक खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। शुभारंभ सत्र के अंत में मुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने सरगुजा ओलंपिक की मशाल प्रज्ज्वलित कर सफल आयोजन की कामना की।



































