BALRAMPUR NEWS. बलरामपुर जिले में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद पूरे प्रदेश में इसकी गूंज सुनाई दे रही है। दुर्ग जिले के समोदा में बड़े पैमाने पर अफीम की फसल मिलने के बाद बलरामपुर जिले में भी खेतों से अफीम के पौधे जब्त किए गए थे। इस घटना के बाद जिला प्रशासन से लेकर राज्य शासन तक हड़कंप मच गया था।

मामले में लापरवाही सामने आने पर जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। प्रशासन ने जिले के विभिन्न हलकों में लंबे समय से पदस्थ लगभग 58 पटवारियों का तबादला कर दिया है। तबादले से प्रभावित पटवारी राजपुर तहसील, रामानुजगंज, शंकरगढ़ और कुसमी क्षेत्र के हैं।


क्या है पूरा मामला
दरअसल, कुछ दिन पहले बलरामपुर जिले के करोंधा थाना क्षेत्र के तुरीपानी गांव में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया था। सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान करीब 1.67 एकड़ क्षेत्र में अफीम की खेती पाई गई।

प्रशासन ने मौके से करीब 1883 किलो अफीम की फसल जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच तेज कर दी है और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।





































